पटना NEET छात्रा मौत मामला: हॉस्टल मालिक मनीष रंजन को नहीं मिली राहत, कोर्ट के बाहर बेहोश हुई मृतका की मां

NEET छात्रा मौत मामले में शंभू गर्ल्स हॉस्टल के मालिक मनीष रंजन को कोर्ट से राहत नहीं मिली। पॉक्सो कोर्ट ने जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए फैसला सुरक्षित रखा, जबकि मृतका की मां ने बिहार पुलिस और CBI पर मामले को दबाने के गंभीर आरोप लगाए।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Mar 12, 2026, 4:17:49 PM

Patna NEET student case

- फ़ोटो Reporter

Patna NEET Student Case: पटना नीट छात्रा मौत मामले में गिरफ्तार शंभू गर्ल्स हॉस्टल के मालिक मनीष रंजन को एक बार फिर से कोर्ट से झटका लगा है। गुरुवार को भी पटना की पॉक्सो कोर्ट ने मनीष रंजन की जमानत याचिका पर सुनवाई की हालांकि उसे आज भी जमानत नहीं मिली। इस बीच छात्रा की मां ने आरोप लगाया कि सीबीआई केस की लीपापोती कर रही है।


दरअसल, पटना के चर्चित नीट छात्रा मौत मामले में गिरफ्तार शंभू गर्ल्स हॉस्टल के मालिक मनीष रंजन की जमानत याचिका पर पटना की पॉक्सो कोर्ट में चल रही है। मनीष रंजन की जमानत याचिका पर कोर्ट लगातार सुनवाई कर रहा है। आज भी कोर्ट में सुनवाई हुई लेकिन कोर्ट से मनीष रंजन को राहत नहीं मिली। कोर्ट शुक्रवार को फिर जमानत याचिका पर सुनवाई करेगा।


सुनवाई के बाद कोर्ट से बाहर आई छात्रा की मां ने रो-रोकर अपनी बातों को मीडिया के सामने रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार पुलिस और सीबीआई पूरे मामले की लीपापोती कर रही है। पुलिस और सीबीआई ने होटल मालिक मनीष रंजन और नीलम अग्रवाल को बचाने की कोशिश कर रही है। हमलोगों को झूठा बनाया जा रहा है लेकिन जबतक हम जिंदा रहेंगे न्याय के लिए लड़ाई लड़ते रहेंगे।


उन्होंने कहा कि मेरी बेटी तो चली गई लेकिन उसकी जैसी कितनी लड़कियां जिंदा हैं। उनके लिए ही कोर्ट का दरवाजा खटखटा रहे हैं। मेरी बेटी को इंसाफ नहीं मिल रहा है। कोर्ट पर भरोसा है तब तो यहां खड़े हैं। बेटी को बड़े ही विश्वास के साथ हॉस्टल में रखा था। हमलोगों को नहीं पता था कि बड़ी-बड़ी गाड़ियों से मंत्री और विधायक के बेटे उस हॉस्टल में आते थे। हमलोग तो गरीब हैं और गरीब होने के कारण मेरी बेटी को मार दिया गया।


छात्रा की मां ने कहा कि सरकार का नारा है कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ लेकिन गरीब की बेटी नहीं पढ़ सकती है। बिहार सरकार कहां सोई हुई है और नीतीश कुमार कान में रूई डालकर बैठे हैं।

पटना से सूरज कुमार की रिपोर्ट..