Hindi News / bihar / bhagalpur-news / Bihar News: दूर्गा पूजा का उत्सव मातम में बदला, गंगा में स्नान करने...

Bihar News: दूर्गा पूजा का उत्सव मातम में बदला, गंगा में स्नान करने गए चाचा-भतीजे की डूबने से मौत

Bihar News: बिहार के भागलपुर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां दुर्गा पूजा के अवसर पर गंगा स्नान करने आए एक ही परिवार के चाचा-भतीजे की डूबने से मौत हो गई।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Sep 28, 2025, 11:46:17 AM

Bihar News

बिहार न्यूज - फ़ोटो GOOGLE

Bihar News: बिहार के भागलपुर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां दुर्गा पूजा के अवसर पर गंगा स्नान करने आए एक ही परिवार के चाचा-भतीजे की डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, पूरा परिवार गाड़ी रिजर्व कर गंगा स्नान के लिए पहुंचा था। पूजा-अर्चना के बाद जब सभी सदस्य स्नान कर बाहर निकलकर कपड़े पहन रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।


घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पुलिस अपने दलबल के साथ पहुंची। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि डूबने वालों में एक किशोर भी शामिल है। बताया गया कि सबसे पहले भतीजा स्नान के दौरान गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए चाचा भी पानी में कूदे लेकिन दोनों ही तेज धारा की चपेट में आ गए और डूब गए। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर तिनटंगा करारी गांव के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह दोनों को बाहर निकाला।


घटना की जानकारी मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस भी पहुंची और दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गोपालपुर ले जाया गया। लेकिन ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, नवगछिया भेज दिया गया।


स्थानीय लोगों का कहना है कि जहाज घाट पर सीमावर्ती जिलों से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान करने आते हैं। बावजूद इसके प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नदारद रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि घाट पर स्थायी तौर पर आपदा मित्रों की तैनाती हो और स्नान करने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बैरिकेडिंग, रेस्क्यू बोट और गोताखोरों की व्यवस्था की जाए।