1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 25, 2025, 4:28:34 PM
दो लड़कों की मौत - फ़ोटो reporter
Bihar News: भागलपुर के हरियो गांव के पास कोसी नदी किनारे घूमने के लिए आए चार दोस्तों के साथ बड़ा हादसा हो गया। कोसी नदी में नहाते समय इनमें से दो दोस्तों की डूबकर मौत हो गई जबकि दो लड़कों की जान बाल बाल बच गई।
जानकारी के अनुसार, चारों दोस्त कोसी किनारे घूमने के बाद कोसी नदी में नहाने लगे। नहाते समय मोहम्मद शाकिर और मोहम्मद साकिब गहरे कुंड की ओर चले गये और डूब गए। इन दोनों को डूबता देख उनके दोस्तों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
सूचना पाते ही बिहपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी सतनारायण पंडित, अंचलाधिकारी लवकुश कुमार, झंडापुर थानाध्यक्ष विश्वबंधु कुमार एवं नदी थाना की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से डूबे युवकों की तलाश का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद एसटीआरएफ की टीम को बुलाया गया।
कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद एक युवक मोहम्मद शाकिर (16 वर्ष), पिता - कयूम अंसारी, निवासी झंडापुर पश्चिमी वार्ड संख्या 4 का शव बरामद किया गया। वहीं, दूसरा युवक मोहम्मद साकिब (16 वर्ष), पिता - मोहम्मद आलम अंसारी उर्फ बिट्टू, का शव आज 24 घंटा के बाद बरामद हो पाया।
मृतक के पिता आलम उर्फ बिट्टू ने बताया कि मोहम्मद साकिब दोस्तों के साथ बहियार घूमने के लिए पहली बार आया था और वह तैरना भी नहीं जानता था। वह पढ़ाई के साथ-साथ मोबाइल रिपेयर का काम भी किया करता था। इस घटना के बाद दोनों मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया है।