Hindi News / bihar / gaya-news / बिहार के इस जंक्शन का काम हुआ पूरा, जल्द मिलेगी वर्ल्ड क्लास फैसिलिटी,...

बिहार के इस जंक्शन का काम हुआ पूरा, जल्द मिलेगी वर्ल्ड क्लास फैसिलिटी, जानिए कबतक होगी शुरू?

Gaya Junction update: बिहार के गया जंक्शन में कुछ ऐसा होने वाला है, जो यात्रियों को चौंका देगा। 300 करोड़ रुपये की परियोजना में स्टेशन को आधुनिक और हाई-टेक सुविधाओं से बदलने का काम जोरों पर है। क्या ये नया रूप जून तक तैयार हो पाएगा? इंतजार की घड़ियां

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 17, 2026, 12:01:08 PM

बिहार के इस जंक्शन का काम हुआ पूरा, जल्द मिलेगी वर्ल्ड क्लास फैसिलिटी, जानिए कबतक होगी शुरू?

- फ़ोटो

Gaya Junction update: बिहार के गया जंक्शन का कायाकल्प तेजी से किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करते हुए वर्ल्ड क्लास स्तर पर विकसित किया जा रहा है। करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे इस प्रोजेक्ट का काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है। अधिकारियों के मुताबिक, अगर काम इसी रफ्तार से चलता रहा तो इस साल जून तक स्टेशन का नया स्वरूप यात्रियों के सामने आ सकता है।


गया जिला धार्मिक और पर्यटन के लिहाज से काफी अहम माना जाता है। महाबोधि मंदिर, विष्णुपद मंदिर और फल्गु नदी जैसे प्रमुख स्थलों के कारण यहां हर साल बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं। इसी बढ़ती आवाजाही को देखते हुए गया जंक्शन को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित करने की योजना बनाई गई है।


स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म का विस्तार किया जा रहा है। प्लेटफॉर्म की लंबाई और चौड़ाई बढ़ने से लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव आसान होगा और यात्रियों को चढ़ने-उतरने में भीड़भाड़ का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके साथ ही स्टेशन के टिकटिंग हॉल को भी आधुनिक रूप दिया जा रहा है। यहां डिजिटल टिकटिंग सिस्टम और क्यू-मैनेजमेंट व्यवस्था लागू की जाएगी, जिससे टिकट लेने की प्रक्रिया आसान और व्यवस्थित हो सके।


स्टेशन परिसर में यात्रियों के बैठने के लिए बेहतर इंतजाम किए जा रहे हैं। वहीं बाहर की व्यवस्था को भी सुधारा जा रहा है। पार्किंग एरिया को व्यवस्थित किया जा रहा है, ई-रिक्शा स्टैंड बनाए जा रहे हैं और ड्रॉप-एंड-गो लेन विकसित की जा रही है, ताकि यातायात सुचारू बना रहे। पैदल यात्रियों के लिए अलग रास्ते और दिव्यांगों के लिए रैंप, लिफ्ट और ब्रेल संकेतक की सुविधा भी दी जाएगी।


स्टेशन की खूबसूरती बढ़ाने पर भी खास ध्यान दिया गया है। दीवारों पर स्थानीय पहचान को दर्शाने वाली पेंटिंग बनाई जा रही हैं, जिनमें गया के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों की झलक देखने को मिलेगी। इससे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को शहर की विरासत का अनुभव होगा।


सुरक्षा व्यवस्था को भी हाईटेक बनाया जा रहा है। पूरे स्टेशन परिसर में 360 डिग्री हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा आधुनिक बैगेज स्कैनर, सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल रूम और फायर सेफ्टी सिस्टम की भी व्यवस्था की जा रही है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


रेलवे अधिकारियों का कहना है कि गया जंक्शन के इस नए रूप से न सिर्फ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि यह स्टेशन शहर की नई पहचान भी बनेगा। खासकर पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी फायदा होगा।