1st Bihar Published by: Dheeraj Kumar Updated May 03, 2025, 11:57:02 AM
बेहूदगी का वीडियो वायरल - फ़ोटो reporter
Viral Video: बिहार की पंचायती राज व्यवस्था में पंचायत के मुखिया को अत्यंत सम्मान और आदर के साथ देखा जाता है। लेकिन जमुई जिले से आई एक घटना ने इस छवि को झकझोर कर रख दिया है। हरनारायणपुर पंचायत के मुखिया मंटू पाठक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे अपने बेटे के उपनयन संस्कार के मौके पर बार बालाओं के साथ मंच पर अश्लील गानों पर डांस करते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, 30 अप्रैल की रात, जमुई जिले के टाउन थाना क्षेत्र स्थित हरनारायणपुर पंचायत में मुखिया मंटू पाठक ने अपने दो बेटों के उपनयन संस्कार का आयोजन किया था। यह धार्मिक अनुष्ठान देर रात तक चला, लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने सबको चौंका दिया।
देर रात बार बालाओं के डांस कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जो धीरे-धीरे अश्लीलता में बदल गया। वायरल वीडियो में मुखिया जी भोजपुरी गाने "मन होखे त बोली..." पर डांस करते हुए मंच पर नजर आते हैं। उनके हावभाव और मंच पर मौजूदगी को लेकर लोगों में गंभीर नाराजगी देखी जा रही है।
जब इस मामले में मुखिया मंटू पाठक से प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने सफाई देते हुए कहा, "यह घर का कार्यक्रम था, कभी-कभी रिहर्सल में कुछ ऐसा हो जाता है।" लेकिन लोगों का कहना है कि एक जनप्रतिनिधि से इस तरह के सार्वजनिक आचरण की अपेक्षा नहीं की जाती, खासकर तब जब बात एक धार्मिक संस्कार की हो। फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन जिले भर में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
जमुई से धीरज कुमार सिंह की रिपोर्ट..