Bihar News: बिहार के भभुआ शहर में एक रेस्टोरेंट का खाना खाने के बाद एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई और एक दोस्त बीमार पड़ गए। मृतक की पहचान सारंगपुर निवासी 20 वर्षीय विशाल कुमार तिवारी के रूप में हुई है। घटना के बाद प्रशासन ने संबंधित रेस्टोरेंट को सील कर दिया है।
बताया जा रहा है कि विशाल अपने भाई विनायक तिवारी और दोस्त देवराज कुमार सिंह के साथ मंगलवार रात शहर के एक रेस्टोरेंट से मंचूरियन और कढ़ाई पनीर लेकर आया था। तीनों ने रात करीब 10:30 बजे खाना खाया, जिसके बाद देर रात उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। आधी रात से उल्टी शुरू हुई और तड़के हालत गंभीर हो गई।
परिजनों के अनुसार, सुबह करीब 4:30 बजे तीनों को भभुआ सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने विशाल को मृत घोषित कर दिया। हालांकि, परिजनों ने डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बिना उचित जांच के उसे मृत घोषित कर दिया गया और आग्रह करने पर दुर्व्यवहार किया गया।
हैरानी की बात यह रही कि बाद में युवक के शरीर में हरकत देख परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने बताया कि उसकी मौत कुछ ही मिनट पहले हुई है। इससे यह सवाल खड़े हो गए कि क्या सदर अस्पताल में लापरवाही हुई। हालांकि अस्पताल प्रशासन ने इन आरोपों से इनकार किया है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओ अमित कुमार, प्रभारी एसडीपीओ अनिकेत अमर सहित अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने रेस्टोरेंट और मृतक के घर से खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। साथ ही पोस्टमार्टम के दौरान विसरा सुरक्षित रखा गया है, ताकि मौत के कारणों का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जा सके।
मृतक के पिता ने बताया कि 20 अप्रैल को विशाल का जनेऊ संस्कार होने वाला था और घर में तैयारियां चल रही थीं। इस घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और लैब रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


