1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 29, 2025, 4:42:50 PM
ROB नहीं रहने के कारण गई जान - फ़ोटो REPORTER
KATIHAR: कटिहार जिले के आजमनगर-कुमेदपुर रेलखंड पर मंगलवार की सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। बरहट रेलवे गेट के पास रेल ट्रैक पार करते समय एक पति-पत्नी की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मृतकों की पहचान आजमनगर थाना क्षेत्र के निमोल पंचायत के पंचकोणीय गांव निवासी रुबेदी खातून और पति मो0 सजाउल के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, दंपती सुबह किसी कार्य से बरहट रेलवे गेट लाइन पार कर रहे थे। उसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गए। घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना तुरंत रेलवे पुलिस और आजमनगर थाना को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की छानबीन में जुट गई.
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक दंपती अपने परिवार के एकमात्र सहारा थे। वो अपने पीछे 20 दिन के नवजात बच्चे को छोड़ गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और रेलवे से मांग की है कि इस गेट पर अंडरपास या ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रेलवे पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई। रेलवे पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. यह हादसा एक बार फिर से रेलवे ट्रैक पार करते समय सुरक्षा नियमों के पालन की आवश्यकता को उजागर करता है।