1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Feb 13, 2026, 4:13:28 PM
सरकारी काम में कमीशन का खेल - फ़ोटो Google
Bihar News: बिहार के खगड़िया के परबत्ता में तैनात बीडीओ संतोष कुमार पंडित और प्रखंड प्रमुख रीता देवी के बीच विवाद तेज हो गया है। वायरल वीडियो में बीडीओ गुस्से में प्रखंड प्रमुख से कहते दिखाई दे रहे हैं, "पेमेंट नहीं करेंगे, जाइए, जिसको कहना है कह दीजिए।" यह वीडियो परबत्ता आईटी भवन स्थित ऑपरेटर कक्ष के पास का बताया जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि फर्स्ट बिहार नहीं करता है।
प्रखंड प्रमुख रीता कुमारी ने बताया कि पंचायत समिति की योजना के तहत कोलवारा गांव और कोलवारा पंचायत के नवटोलिया में पोखर निर्माण और भोरकाठ में पेवर ब्लॉक का कार्य आठ माह पहले पूरा हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीडीओ 18 प्रतिशत कमीशन की मांग कर रहे हैं और भुगतान में लगातार आनाकानी कर रहे हैं। प्रखंड प्रमुख ने बीडीओ के दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए कहा कि वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और महिला आयोग को इस घटना की जानकारी देंगी।
बीडीओ संतोष कुमार पंडित ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि संबंधित योजनाओं की जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार का भुगतान नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रखंड प्रमुख लगातार भुगतान के लिए दबाव बना रहे हैं और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
गोगरी एसडीओ संजय कुमार ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री कार्य में व्यस्त हैं, मामले की जांच की जाएगी। वायरल वीडियो के बाद यह विवाद आमजन के बीच चर्चा का विषय बन गया है।