1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 20, 2025, 5:41:15 PM
प्रतिकात्मक - फ़ोटो google
Bihar News: बिहारशरीफ के रहुई थाना क्षेत्र के निजाय गांव के पास मंगलवार को एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित पुलिस जीप ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार एक महिला, एक युवती और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। महिला की स्थिति अधिक गंभीर होने होने के कारण उसे पटना रेफर कर दिया गया है।
घायलों की पहचान हरनौत थाना क्षेत्र के अमैत्रा गांव निवासी अरविंद पांडेय की पत्नी सरिता देवी, बेटी लूसी कुमारी और बेटा सन्नी पांडेय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों निजी बाइक पर सवार होकर बिहारशरीफ जा रहे थे। इसी दौरान गोकुलपुर थाना की एक तेज रफ्तार पुलिस जीप ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए।
बता दें कि कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले एकंगरसराय थाना की पुलिस जीप से हुए एक दुर्घटना में तीन बाइक सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी। उस समय स्थानीय लोगों ने भारी विरोध और हंगामा किया था, लेकिन अब तक न तो उस मामले में चालक पर कोई ठोस कार्रवाई हुई, न ही मृतकों के परिवारों को सड़क आपदा मुआवजा प्रदान किया गया।