1st Bihar Published by: Viveka Nand Updated Mar 21, 2026, 11:53:40 AM
- फ़ोटो Google
Bihar News: बिहार में आने वाले समय में मुख्यमंत्री का चेहरा बदलने वाला है. नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए चुन लिए गए हैं. लिहाजा बहुत जल्द एनडीए का नया नेता मिलने वाला है. इन सबके बीच बिहार एनडीए में मॉडल पर महाभारत छिड़ गया है. भाजपा ने सूबे में सम्राट मॉडल की चर्चा कर दी. इसके बाद विवाद बढ़ गया है. नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू ने इस पर गहरी आपत्ति दर्ज की है. भाजपा के एक नेता के विवादास्पद स्टैंड के बाद दोनों दल आमने-सामने आ गए हैं. जनता दल(यू) के तल्ख तेवर के बाद पूरी पार्टी (भाजपा) बैकफुट पर चली गई. भद्द पिटने के बाद नेताजी को अपने स्टैंड से पीछे हटना पड़ा है.
भाजपा प्रवक्ता के पोस्ट से विवाद बढ़ा
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार के स्टैंड से एनडीए में विवाद गहरा गया. दल के अधिकृत प्रवक्ता ने सूबे में सम्राट मॉडल की चर्चा कर दी. कहा कि सम्राट मॉडल से बिहार में अपराध का सफाया होगा. उन्होंने सम्राट मॉडल को यूपी के योगी मॉडल से जोड़ा. भाजपा प्रवक्ता ने एक्स पर लिखा, '' सम्राट चौधरी के गृह मंत्री बनते ही अपराधियों में खौफ का माहौल बन गया है। जो लोग कल तक बेखौफ होकर अपराध कर रहे थे, आज वे भागते फिर रहे हैं,सरेंडर कर रहे हैं. एनकाउंटर हो रहे हैं. बुलडोजर चल रहे हैं, और माफिया-भू माफिया की कमर टूट रही है. ‘योगी मॉडल’ की तरह ही बिहार में ‘सम्राट मॉडल’ से अपराध का सफाया हो रहा है। उन्होंने कहा था कि किया कि अगले 3 महीनों में अपराध को बिहार से उखाड़ फेंका जाएगा।
जेडीयू ने दिया करारा जवाब....
बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार के सम्राट मॉडल की चर्चा के बाद जेडीयू ने गहरी नाराजगी दर्ज की. जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता व विधान पार्षद नीरज कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिहार में एक ही मॉडल चल रहा है और वह है “नीतीश मॉडल”। उन्होंने कहा कि राज्य के मुखिया नीतीश कुमार हैं। गृह विभाग अब सम्राट चौधरी के पास है, तो स्वाभाविक है कि वह अपने विभाग के कामों को लेकर सक्रिय रहेंगे और बयान देंगे लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि कोई “सम्राट मॉडल” अस्तित्व में आ गया है। ऐसा होगा तो फिर मंत्री मदन सहनी,अशोक चौधरी, बिजेन्द्र प्रसाद यादव अपनी-अपनी मॉडल की बात करने लगेंगे. यहां सिर्फ एक मॉडल चलता है और वो है नीतीश मॉडल.
भाजपा प्रवक्ता को ट्वीट डिलीट करना पड़ा
भाजपा के स्टैंड से जेडीयू को घोर आपत्ति हुई। इसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया. विवाद बढ़ने लगा. भाजपा के वरीय नेताओं को जैसे ही इस तरह की बयानबाजी की जानकारी हुई, पार्टी हरकत में आई. इसके बाद सख्ती शुरू हो गई. जिस प्रवक्ता ने इस तरह की बात कर जेडीयू के सात विवाद खड़ा किया, उन्हें अपना बयान वापस लेने को कहा गया. नेतृत्व की सख्ती के बाद भाजपा प्रवक्ता बैकफुट पर आ गए.सोशल मीडिया एक्स पर किए गए पोस्ट (PR-189) को डिलीट करना पड़ा. इस तरह से पार्टी की भद्द पिटवाने के बाद बीजेपी प्रवक्ता नीरज कुमार ने अपना मॉडल वापस लिया.