1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 30, 2025, 7:25:06 AM
Milk Price Hike - फ़ोटो file photo
Milk Price Hike: महंगाई की मार झेल रहे आम आदमी को एक और झटका लगा है। अब उन्हें दूध की कीमत चुकाने के लिए जेब से अधिक रुपए खर्च करने होंगे। इसके बाद अब इसको लेकर हरतरफ चर्चा का बाजार तेज हो गया है। आइए जानते हैं कि क्या है इसको लेकर ताजा अपडेट।
दरअसल, मदर डेयरी ने एक बार फिर दूध के दाम बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। कंपनी ने 30 अप्रैल से दूध के दाम 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं। दिल्ली-एनसीआर में दूध एवं डेयरी प्रोडक्ट्स की विक्रेता मदर डेयरी ने खरीद लागत बढ़ने का हवाला देते हुए दूध की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है।
इसी के साथ दिल्ली-एनसीआर में टोन्ड दूध (थोक बिक्री) की कीमत 54 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 56 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं, फुल क्रीम दूध (पाउच) की कीमत 68 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 69 रुपये प्रति लीटर होगी। टोन्ड दूध (पाउच) की कीमत 56 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 57 रुपये जबकि डबल टोन्ड दूध की कीमत 49 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 51 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी। मदर डेयरी ने गाय के दूध की कीमत भी 57 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 59 रुपये प्रति लीटर कर दी है।
मालूम हो कि, मदर डेयरी अपने स्टोर, अन्य दुकानों और ई-कॉमर्स मंचों के जरिये दिल्ली-एनसीआर के बाजार में प्रतिदिन लगभग 35 लाख लीटर दूध बेचती है। उन्होंने कहा, “हम अपने दुग्ध उत्पादक किसानों की आजीविका का समर्थन करते हुए उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण दूध की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” अधिकारी ने कहा कि यह मूल्य संशोधन बढ़ी हुई लागत का केवल आंशिक प्रभाव दर्शाता है, जिसका उद्देश्य किसानों और उपभोक्ताओं दोनों के हितों का ख्याल रखना है।
इधर, मदर डेयरी के अधिकारी ने कहा, “खरीद लागत में जबरदस्त बढ़ोतरी से निपटने के लिए कीमतों में संशोधन जरूरी हो गया है। पिछले कुछ महीनों में लागत चार-पांच रुपये प्रति लीटर बढ़ चुकी है।”