1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 01, 2025, 3:08:34 PM
बिहार न्यूज - फ़ोटो GOOGLE
Bihar News: बिहार में इन दिनों राजनीतिक दल जहां विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं, वहीं राज्य सरकार भी जनता को लगातार विकास कार्यों की सौगात दे रही है। इसी कड़ी में राज्य को एक और महत्वपूर्ण अधोसंरचना परियोजना मिलने जा रही है। पटना-गया-डोभी फोरलेन हाईवे कॉरिडोर, जो आम जनता के लिए जल्द ही खोल दिया जाएगा।
राज्य के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने बुधवार को NHAI (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) की टीम के साथ परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की। इस बैठक में पटना-गया-डोभी कॉरिडोर, आमस-दरभंगा फोरलेन कॉरिडोर, और औंटा-सिमरिया कॉरिडोर जैसे प्रमुख प्रोजेक्ट्स पर चर्चा हुई।
मंत्री ने जानकारी दी कि करीब 1910 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा पटना-गया-डोभी हाईवे लगभग पूरा हो चुका है और मई 2025 में इसके उद्घाटन की संभावना है। हाईवे के शुरू होने के बाद पटना से गया तक का सफर महज 90 मिनट में पूरा किया जा सकेगा, जिससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। गौरतलब है कि गया एक प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल है, जहां हर साल बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं।
बैठक में मंत्री ने निर्देश दिया कि जहानाबाद बाइपास क्षेत्र में हाई टेंशन लाइन के टॉवर को प्राथमिकता के आधार पर स्थानांतरित किया जाए ताकि निर्माण कार्य में कोई बाधा न आए। साथ ही, औंटा-सिमरिया कॉरिडोर और बिहटा के दोनों आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) का कार्य अगले दो महीनों में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा, पटना से बिहटा जाने वाले मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को बेहतर बनाने और ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
राज्य सरकार का मानना है कि इन अधोसंरचना परियोजनाओं के पूरा होने से न केवल स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि पूरे बिहार के आर्थिक और औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलेगी। खासकर, पटना-गया-डोभी हाईवे से गया एयरपोर्ट और बौद्ध पर्यटन सर्किट से संपर्क और भी सुगम हो जाएगा।