1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 16, 2025, 7:27:51 AM
पटना न्यूज - फ़ोटो GOOGLE
Patna News: बिहार की राजधानी पटना की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए एक और बड़ी सौगात तैयार है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को बहुप्रतीक्षित मीठापुर-महुली एलिवेटेड रोड का उद्घाटन करेंगे। लगभग 1,400 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह सड़क परियोजना न केवल पटना के दक्षिणी क्षेत्रों में रहने वाले लाखों लोगों के लिए वरदान साबित होगी, बल्कि दक्षिण बिहार के कई जिलों से राजधानी का संपर्क भी सुगम बनाएगी।
दरअसल, इस एलिवेटेड-सह-एट-ग्रेड सड़क के चालू होने से रोजाना घंटों लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और सफर का समय भी काफी कम होगा। अभी जिस दूरी को तय करने में 30-40 मिनट लगते थे, अब वह महज 5-6 मिनट में पूरी हो सकेगी। भूपतिपुर के पास बने रैंप से लोग एलिवेटेड रोड पर चढ़कर सिपारा से महुली तक आसानी से पहुँच सकेंगे। पहले चरण में सिपारा से महुली तक का एलिवेटेड हिस्सा पूरी तरह बनकर तैयार है, जबकि अगला चरण पुनपुन (NH-22) तक ले जाएगा।
वहीं, इस परियोजना से जहानाबाद, अरवल, बिहारशरीफ और गया जैसे जिलों से पटना आने-जाने वाले यात्रियों को विशेष लाभ होगा। यह सड़क दक्षिण बिहार के साथ राजधानी को सीधे जोड़ने का कार्य करेगी, जिससे व्यवसाय, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी तेज होगी।
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, तथा पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन मौजूद रहेंगे। इसके अलावा सांसद रविशंकर प्रसाद और मीसा भारती, विधायक गोपाल रविदास, अरुण सिन्हा, विधान पार्षद रवींद्र प्रसाद सिंह, नीरज कुमार, नवल किशोर यादव और कार्तिक कुमार जैसे प्रमुख जनप्रतिनिधियों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।
पथ निर्माण विभाग के अनुसार, इस परियोजना का दूसरा फेज जल्द ही शुरू किया जाएगा, जिसमें एलिवेटेड सड़क को पुनपुन रेलवे क्रॉसिंग के पार तक विस्तारित किया जाएगा। इसके अंतर्गत कुछ प्रमुख स्थानों पर इंटरचेंज, सर्विस लेन और पैदल पारपथ भी विकसित किए जाएंगे ताकि सभी वर्गों के यात्रियों को सुविधा मिल सके।