1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Dec 04, 2025, 6:09:47 PM
- फ़ोटो Google
Patna News: बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पटना के पीएमसीएच में जारी जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल 48 घंटे के बाद खत्म हो गई है। पटना जिला प्रशासन द्वारा सख्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने के आश्वासन के बाद जूनियर डॉक्टर काम पर वापस लौट आए हैं।
पूरे मामले की जानकारी देते हुए पीएमसीएच के प्राचार्य कौशल किशोर ने बताया है कि सभी जूनियर डॉक्टर शाम 5:00 बजे से काम पर वापस लौट आए हैं। उन्होंने बताया कि पटना जिला प्रशासन के साथ हुई वार्ता के दौरान अस्पताल परिसर में सुरक्षा का आश्वासन मिलने के बाद जूनियर डॉक्टर ने अपनी हड़ताल खत्म की है।
उन्होंने बताया कि पटना जिला प्रशासन के आदेश के बाद पीएमसीएच अस्पताल के इमरजेंसी के मुख्य द्वार पर बिहार पुलिस के जवानों की प्रति नियुक्ति की गई है, बिहार पुलिस के जवानों के प्रतिनियुक्ति के बाद जूनियर डॉक्टर सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
बता दें कि PMCH में मंगलवार की देर शाम उस वक्त हंगामा हो गया जब एक मरीज की मौत के बाद परिजनों और डॉक्टरों के बीच विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गई थी। घटना के बाद डॉक्टरों ने विरोध स्वरूप OPD सेवाएं ठप कर दी थी। अस्पताल में फिलहाल केवल इमरजेंसी सेवा संचालित की जा रही थीं।