1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 14, 2025, 7:27:33 AM
पटना में फायरिंग - फ़ोटो GOOGLE
PATNA: होलिका दहन के दिन राजधानी पटना के पत्रकार नगर थाना इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया जब गुरुवार की देर रात दो पक्ष आपस में भिड़ गये। इस दौरान जमकर पथराव और फायरिंग हुई। तभी वहां से गुजर रही एक महिला को गोली जा लगी। महिला सब्जी बेचकर घर लौट रही थी। गोली लगने के बाद महिला लहूलुहान हो गयी।
गंभीर हालत में उसे पास के अस्पताल में एडमिट कराया गया। जहां महिला का इलाज जारी है। घायल महिला की पहचान 40 वर्षीया मालती देवी के रूप में हुई है। जो सब्जी बेचने का काम करती है। होलिका दहन के दिन सब्जी बेचकर वो अपने घर लौट रही थी तभी दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग में महिला शिकार बन गयी। घटना पटना के मलाही पकड़ी की है। जहां पथराव और फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने फायरिंग करने वाले पक्ष में शामिल चार लोगों को हिरासत में लिया। हिरासत में लिये गये लोगों की पहचान पवन, आलोक, गोपाल और मोनू के रूप में हुई है। इनके पास से बंदूक और 5 जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। फिलहाल पुलिस इन सभी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। घटना का कारण क्या है इसका पता लगाने में पुलिस लगी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार मलाही पकड़ी स्थित वृंदावन अपार्टमेंट में रहने वाले ठेकेदार आलोक और आकाश कुमार के बीच काफी दिनों से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। यह विवाद इतना बढ़ गया कि आकाश के साथियों ने ठेकेदार आलोक की पीट डाला और पथराव करने लगे। आत्मरक्षा में गोपाल ने गोली चलाई जो एक महिला को पेट में जा लगी। महिला सब्जी बेचने का काम करती है। सब्जी बेचकर वो अपने घर लौट रही थी। घायल महिला को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।