1st Bihar Published by: KHUSHBOO GUPTA Updated Apr 23, 2025, 11:34:24 AM
चकमा देकर फरार हुए कैदी - फ़ोटो
Bihar News: बिहार के रोहतास में सिविल कोर्ट के पास से एक कैदी फरार हो गया। गिरफ्तार कैदी को पुलिस कोर्ट ला रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों को चकमा देकर वह फरार हो गया। बताया जा रहा है कि, काराकाट थाना क्षेत्र के बाराडीह से उत्पाद विभाग की टीम ने 16 लीटर शराब के साथ आनंद साह नाम के एक युवक को पकड़ा था।
सोमवार (21 अप्रैल) को उसकी गिरफ्तारी हुई थी और मंगलवार (22 अप्रैल) को उसे सासाराम के कोर्ट लाया जा रहा था। कानूनी प्रक्रिया के दौरान कैदी आनंद ने उत्पाद अवर निरीक्षक मनीष कुमार को चकमा दे दिया और मौके से फरार हो गया। जब तक पुलिसकर्मियों को कुछ समझ में आता, तब तक वह रफूचक्कर हो चुका था।
खबरों के मुताबिक उत्पाद विभाग की टीम जब अभियुक्त को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल ले जा रही थी, तभी वह हथकड़ी से हाथ छुड़ाकर फरार हो गया। कैदी के फरार होने के बाद हड़कंप मच गया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर फरार कैदी की गिरफ्तारी के लिए उत्पाद विभाग और पुलिस की टीम छापेमारी कर रही है।