1st Bihar Published by: Vikramjeet Updated Thu, 05 Feb 2026 01:21:16 PM IST
- फ़ोटो Reporter
Bihar News: बिहार के हाजीपुर-महुआ मुख्य मार्ग पर सराय थाना क्षेत्र के रानी पोखर मवेशी बाजार के पास बुधवार को डायल 112 की पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में वाहन में सवार चार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर में भर्ती कराया और मामले की सूचना सराय थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
घायलों की पहचान सराय थाना में कार्यरत सिपाही अमरजीत कुमार, डायल 112 के चालक पंकज कुमार, श्यामलाल मरांडी और सुमन कुमार के रूप में हुई है। इनमें चालक पंकज कुमार और होमगार्ड जवान अमरजीत कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज चल रहा है, जबकि दो अन्य पुलिसकर्मियों को आंशिक चोटें आई हैं।
इस संबंध में सराय थाना अध्यक्ष मणि भूषण कुमार ने बताया कि रानी पोखर मवेशी बाजार के आगे एक अज्ञात ट्रक ने डायल 112 वाहन को अचानक चकमा दे दिया, जिससे चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी पेड़ से टकरा गई। हादसे के वक्त वाहन में कुल चार पुलिसकर्मी तैनात थे।