1st Bihar Published by: KHUSHBOO GUPTA Updated Apr 30, 2025, 10:52:45 AM
आर्केस्ट्रा देखने गए युवक को तेजाब से नहलाया - फ़ोटो google
Acid Attack In Bihar: बिहार के गोपालगंज में एक युवक पर एसिड अटैक हुआ है। बारात के दौरान युवक को तेजाब से नहला दिया गया। हमले में घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। जख्मी युवक को सदर अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना गोपालपुर थाने के सपहा गांव की है।
खबरों के मुताबिक, युवक बारात में आर्केस्ट्रा देखने गया था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उस पर तेजाब डाल दिया। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। घायल युवक की पहचान कमलेश मांझी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, कमलेश बारात में ऑर्केस्ट्रा देखने गया था, जहां अज्ञात अपराधियों ने उस पर तेजाब फेंक दिया।
तेजाब से उसका चेहरा और शरीर बुरी तरह झुलस गया है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित के परिजनों ने बताया कि कमलेश की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, इसलिए हमले की वजह समझ नहीं आ रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।