1st Bihar Published by: DEEPAK RAJ Updated May 18, 2025, 3:01:43 PM
शराब पार्टी करते 9 लोग अरेस्ट - फ़ोटो reporter
Bihar Crime News: बिहार के बगहा स्थित वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के मदनपुर वन क्षेत्र में शराब पार्टी करना वन विभाग के अधिकारियों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने शराब पार्टी करते चार फॉरेस्टर समेत कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की मानें तो मदनपुर फॉरेस्टर के आवास पर बियर पार्टी चल रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार रात एसडीपीओ कुमार देवेंद्र के नेतृत्व में नौरंगिया थाने की पुलिस ने छापेमारी की और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी के दौरान पुलिस भी चौंक गई, क्योंकि गिरफ्त में आए लोग करीब 6 लीटर शराब पहले ही पी चुके थे। मौके से बियर की 24 खाली केन बरामद हुईं है। इसके अलावा चार बियर केन सील बंद अवस्था में भी पाई गईं।
गिरफ्तार लोगों में मदनपुर वन प्रक्षेत्र के वनपाल राजेश रोशन, नौरंगिया वन परिसर के वनपाल सोनू कुमार, चिउटाहां वन प्रक्षेत्र के वनपाल मुकेश कुमार मधुकर और नालंदा निवासी वनपाल नवीन कुमार शामिल हैं। इनके अलावा गिरफ्तार किए गए पांच अन्य लोग हैं। इनमें से कुछ किसी वनपाल के परिचित बताए जा रहे हैं और वाल्मीकि टाइगर रिजर्व घूमने आए थे।
गिरफ्तार लोगों में नालंदा का रहने वाला ज्ञान रंजन कुमार, अखिलेश कुमार और बसंत राज के अलावा बेगूसराय निवासी संगम कुमार और पटना का रहने वाला शेखर कुमार शामिल है। नौरंगिया थाना अध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि उन्हें शनिवार देर रात सूचना मिली थी कि फॉरेस्टर के आवास पर शराब पार्टी चल रही है, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई की गई।