1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 31, 2025, 7:15:29 PM
मातम में बदली खुशी - फ़ोटो reporter
Bihar Crime News: बेतिया के मझौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत शेख मंझरिया पंचायत वार्ड संख्या 4 में शुक्रवार रात एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान असरफी साह के 20 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है, जो दिल्ली में ऑटो चलाता था और अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए घर आया था।
शुक्रवार की रात चंदन कुमार खाना खाने के बाद अपने चाचा शंभू शाह के नए मकान की छत पर सोने गया था। सुबह जब परिजनों ने उसे कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने छत पर जाकर देखा। वहां चंदन चादर में लिपटा हुआ मिला। उसकी गर्दन पर रस्सी के निशान थे, साथ ही पेट और घुटनों पर चोट के निशान भी पाए गए।
चंदन का शव बरामद कर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया है। घटना स्थल पर एफएसएल और डॉग स्क्वाड की टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। सदर एसडीपीओ विवेक दीप और मझौलिया थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर जानकारी दी कि चंदन की शादी तय हो चुकी थी और वह चार बहनों और दो भाइयों में एक था।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं मृतक की मां इलायची देवी और अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। परिवार ने इस मौत को हत्या करार दिया है और पुलिस से न्याय की मांग की है। चंदन का शव छत से मिला था, जिससे पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
रिपोर्ट: संतोष कुमार, बेतिया