1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 05, 2026, 11:18:04 AM
- फ़ोटो
Bihar Crime News: बिहार के भोजपुर जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। होली का त्योहार खत्म होते ही जिले के बहोरनपुर थाना क्षेत्र के गौरा गांव में जमीन विवाद को लेकर एक युवक को गोली मार दी गई। बताया जा रहा है कि हमलावर ने युवक के घर के दरवाजे पर चढ़कर उसे निशाना बनाया और गोली मारने के बाद मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान बहोरनपुर थाना क्षेत्र के गौरा गांव वार्ड नंबर 4 निवासी स्वर्गीय श्रीराम ठाकुर के 34 वर्षीय पुत्र अखिलेश ठाकुर के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि अखिलेश ठाकुर अपने घर के पास मौजूद थे, तभी अचानक हमलावर वहां पहुंचा और उन पर गोली चला दी।
गोली अखिलेश ठाकुर के बाएं हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों ने तुरंत घायल युवक को उठाकर इलाज के लिए आरा शहर के बाबू बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही हैं।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि अखिलेश ठाकुर और कुछ लोगों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी पुराने विवाद को लेकर यह घटना होने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी और विवाद हो चुका है। ऐसे में माना जा रहा है कि इसी रंजिश के कारण हमलावर ने इस वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं करने लगे और इलाके में डर का माहौल फैल गया। ग्रामीणों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की घटना से लोगों में भय का माहौल बन गया है।
इधर घटना की सूचना मिलते ही बहोरनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की।
पुलिस का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से चल रहे मामले की भी जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना में कितने लोग शामिल थे।