1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 15, 2025, 10:36:36 AM
पीड़ित युवक - फ़ोटो रिपोर्टर
Bihar Crime News: बिहार के बेतिया से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहाँ, समाज के ठेकेदारों ने एक युवक को तालिबानी सजा सुना दी है। युवक को नीम के पेड़ से लटकाकर उसकी जमकर पिटाई की जा रही। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला चनपटिया के कर्णपट्टी गांव का है। जहां एक किशोर को नीम के पेंड़ से लटकाकर पिटाई की गई है। घटना बुधवार की सुबह की बताई जा रही है। हालांकि इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि फर्स्ट बिहार नहीं करता है। वीडियो में एक किशोर के दोनों हाथ बांधकर ग्रामीण नीम के पेड़ से उसे लटकाये हुए हैं और उसकी बेरहमी से पिटाई की जा रही।
इस दौरान किशोर 'बाप-बाप' चिल्ला रहा है और इन लोगों से रहम की भीख मांग रहा है, लेकिन पिटाई करने वाले लोग उसकी एक नहीं सुन रहे हैं। वहीं, गांव के कुछ लोग पिटाई के वक्त ख़ामोशी से तमाशा देख रहे हैं। वीडियो में किशोर पिटाई के बाद चीख-चीखकर रो रहा है। लेकिन वहां मौजूद लोगों को किशोर के रोने पर भी दया नहीं आ रही, न ही उनका कलेजा पसीज रहा है।
जानकारी के अनुसार इस किशोर पर मोबाइल चोरी का आरोप था। इसी शक में आकर गांव वालों ने इसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। जिसका वीडियो किसी ने बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इधर वीडियो वायरल होने के बाद चनपटिया पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर किशोर को थाने ले आई है और उससे पूछताछ कर रही।
इस संबंध में सदर एसडीपीओ-1 विवेक दीप ने बताया कि वीडियो के बारे में पता चला है। पुलिस की टीम इसकी जांच कर रही है। मामले में विधि संवत कार्रवाई की जाएगी।
बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट