1st Bihar Published by: KHUSHBOO GUPTA Updated Apr 17, 2025, 1:21:26 PM
पटना में घर में घुसकर भाई-बहन को गोलियों से भूना - फ़ोटो सांकेतिक तस्वीर
Bihar Crime News: बिहार में क्राइम की घटनाएं बढ़ती ही जा रही हैं। राजधानी पटना में अपराधियों ने घर में घुसकर भाई-बहन को गोलियों से भून डाला है। वारदात में गंभीर रूप से घायल दोनों को इलाज के लिए AIIMS में भर्ती कराया गया है। पुलिस और एफएसएल की टीम मामले की जांच कर रही है।
घटना जानीपुर थाना क्षेत्र में देर रात की है। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने घर में घुसकर भाई-बहन पर ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर दी। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत AIIMS में भर्ती कराया गया। वारदात उस समय हुई जब अनीश कुमार उर्फ दिलीप कुमार (40) और उनकी बहन एबी कुमारी (30) अपने घर में थे। घर में घुसकर अपराधियों ने दोनों को निशाना बनाकर गोलियों की बौछार कर दी।
घायल एबी, जो NMCH में काम करती हैं, उसके हाथ और सीने में गोली लगी है जबकि अनीश के पैर में गोली मारी गई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाने के लिए FSL टीम और डॉग स्क्वॉयड को मौके पर बुलाया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। गोलीबारी की इस घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। गोली किसने और क्यों मारी इसका पता फिलहाल नहीं चल सका है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।