1st Bihar Published by: HARERAM DAS Updated May 04, 2025, 11:41:05 AM
प्रतीकात्मक - फ़ोटो Google
Bihar Crime News: बिहार के बेगूसराय से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहाँ एक मछली व्यवसायी को गोली मार दी गई है। बता दें कि इस जिले में अपराधियों का तांडव लगातार देखने को मिल रहा है। इस कड़ी में बेख़ौफ़ अपराधियों ने घर से बुलाकर एक मछली व्यवसायी युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। जख्मी युवक का इलाज बेगूसराय के निजी अस्पताल में चल रहा है। जहां वह जिंदगी एवं मौत से जूझ रहा है।
ये घटना शनिवार देर शाम बखरी थाना क्षेत्र अन्तर्गत राटन के बैभइन गांव की है। जख्मी युवक की पहचान इसी गाँव के ब्रह्मदेव पासवान के पौत्र एवं राजो पासवान के 28 वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार पासवान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार मछली मार कर अपने मोटरसाइकिल से सवार होकर अपने घर लौट रहा था। तभी रास्ते में मोटरसाइकिल ओवरटेक करने को लेकर बदमाशों के साथ इनका विवाद हुआ।
विवाद इतना बढ़ गया कि अपराधियों ने बाद में नीतीश कुमार को उसके घर से बुलाया और फिर उस पर फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में नीतीश कुमार को दो गोली लगी है, एक सिर में और दूसरी जांघ में। फिलहाल युवक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
गोली लगते ही स्थानीय लोगों और परिजनों ने उसे आनन फानन में बेगूसराय ले जाकर भर्ती कराया है। वहां एक निजी क्लिनिक में उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बखरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है।