1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 06, 2025, 10:29:35 AM
प्रतीकात्मक - फ़ोटो Google
Bihar Crime News: बिहार के खगड़िया जिले में अंधविश्वास ने एक बार फिर से मानवता को शर्मसार कर दिया है। अलौली थाना क्षेत्र के रटनाहा मुसहरी गांव में 42 वर्षीय ओझा एतबारी सदा की तंत्र-मंत्र के आरोप में अपहरण के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई है। गुरुवार, 5 जून 2025 को पुलिस ने कुसहा-छड़की नदी के पास रेलवे लाइन के समीप से उनका शव बरामद किया है।
मृतक की पत्नी की शिकायत पर 12 नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों, जोगिंद्र सदा और उनकी पत्नी मंजू देवी, को गिरफ्तार कर लिया है। घटना बुधवार देर रात की है, जब 10-15 लोगों के समूह ने एतबारी सदा को उनके घर से जबरन उठाया। गांव से करीब 2-3 किलोमीटर दूर ले जाकर उनकी पीट-पीटकर हत्या की गई।
इसके बाद शव को बोरे में भरकर नदी किनारे गड्ढे में दफना दिया गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने शव बरामद किया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। खगड़िया एसपी राकेश कुमार ने बताया कि अलौली के एसडीपीओ संजय कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। पूछताछ में हत्या की पुष्टि हुई है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
एतबारी सदा ओझा-गुणी का काम करते थे, जिसके कारण गांव में कुछ लोग उन पर तंत्र-मंत्र का आरोप लगाते थे। पुलिस के अनुसार, यह अंधविश्वास ही हत्या का मुख्य कारण प्रतीत होता है। मृतक की पत्नी ने बताया कि आरोपियों ने रात में घर में घुसकर मारपीट की और उनके पति को जबरन ले गए थे।