1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 22, 2025, 8:32:22 PM
मुजफ्फरपुर पुलिस - फ़ोटो रिपोर्टर
Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर जिले में हुए चर्चित प्रॉपर्टी डीलर रामकिशोर चौधरी उर्फ टुनटुन चौधरी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। हत्या की वजह जमीन के रास्ते को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक के पड़ोसी और कुख्यात अपराधी बिट्टू कुमार ने रास्ते के विवाद को लेकर इस वारदात की साजिश रची थी।
बिट्टू कुमार ने हत्या के लिए दूसरे गिरोह के दो शूटरों को ₹8 लाख की सुपारी दी थी, जिसमें ₹3 लाख की अग्रिम राशि का भुगतान पहले ही कर दिया गया था। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पिस्टल को भी बरामद कर लिया है। 18 मार्च 2025 को सदर थाना क्षेत्र में ही टुनटुन चौधरी की अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वे उस वक्त अपने घर लौट रहे थे। हत्या के बाद मृतक के पिता के बयान पर सदर थाना में अज्ञातों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। तभी से पुलिस इस मामले की जांच में जुटी थी।
प्रभारी सिटी एसपी विद्यासागर ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार शूटरों की पहचान पारू थाना क्षेत्र के अभिषेक कुमार और साहेबगंज थाना क्षेत्र के दीपक कुमार सिंह के रूप में हुई है। इनमें दीपक कुमार सिंह एक कुख्यात अपराधी है और उस पर पूर्वी चंपारण व मुजफ्फरपुर के कई थाना क्षेत्रों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों शूटरों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही, इस हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहराई से जांच की जा रही है।