1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 31, 2025, 9:33:43 AM
बक्सर जिले से एक सनसनीखेज़ वारदात सामने आई है - फ़ोटो Google
Bihar crime: बक्सर जिले में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अपराधियों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि अब वे सीधे आम लोगों को निशाना बना रहे हैं और पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। ताजा मामला नैनीजोर थाना क्षेत्र के बड़की नैनीजोर गांव से सामने आया है, जहां देर रात अज्ञात बदमाशों ने घर के बाहर सो रहे एक वृद्ध और उसकी पोती को गोली मार दी।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई। गोली चलने की आवाज सुनकर जब परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि दोनों खून से लथपथ पड़े हुए हैं। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए रघुनाथपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें पटना भेजने की सलाह दी, लेकिन परिजनों ने उन्हें आरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां दोनों का इलाज जारी है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि घायल वृद्ध चतुर यादव अपनी पोती के साथ घर के बाहर सो रहे थे। रात करीब बारह बजे के आसपास अज्ञात हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। इस सनसनीखेज घटना के पीछे की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।