Encounter in Shopian: जम्मू-कश्मीर के शोपियां में सुरक्षाबलों का बड़ा एक्शन, लश्कर के तीन आतंकी ढेर

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 13, 2025, 2:37:56 PM

Encounter in Shopian

प्रतिकात्मक - फ़ोटो google

Encounter in Shopian: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हालिया आतंकी हमले के बाद से घाटी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कई इलाकों में सुरक्षाबलों द्वारा सर्च ऑपरेशन और आतंकियों के खिलाफ विशेष अभियानों को अंजाम दिया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार शाम पाकिस्तान के ड्रोन देखे जाने के बाद मंगलवार को शोपियां जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई।


जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों ने 2 से 3 आतंकियों को घेर लिया था। मुठभेड़ के दौरान सेना की गोलीबारी में एक आतंकी मौके पर ही मारा गया, जबकि करीब दो घंटे चले ऑपरेशन के बाद बाकी दो आतंकियों को भी ढेर कर दिया गया। तीनों आतंकी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े हुए थे।


सेना को पहले से ही इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जैसे ही आतंकियों ने सेना के जवानों को देखा, उन्होंने तुरंत फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सभी आतंकी मारे गए। फिलहाल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है ताकि किसी अन्य खतरे को निष्प्रभावी किया जा सके।


यह कार्रवाई भारतीय सेना द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन सिंदूर का ही हिस्सा है। इस ऑपरेशन का उद्देश्य घाटी को आतंकियों से मुक्त कराना है। उल्लेखनीय है कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना ने पाकिस्तान में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों को नष्ट किया था, जिसमें 100 से अधिक आतंकियों को मार गिराया गया था।


सीजफायर के बाद सेना ने स्पष्ट किया है कि उनका निशाना केवल आतंकवादी हैं, और उनका खात्मा हर हाल में किया जाएगा। पिछले कई दिनों से घाटी में सुरक्षाबलों की ओर से आतंकी ठिकानों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाए जा रहे हैं, और इस अभियान में मंगलवार की मुठभेड़ को एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।