1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 23, 2025, 10:14:30 PM
प्रतिकात्मक - फ़ोटो google
Bihar Crime News: गया के आमस थाना क्षेत्र स्थित सांवकला गांव में शुक्रवार की सुबह एक महिला शराब तस्कर के घर में चल रही शराब पार्टी के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान गांव निवासी चंदन कुमार, उम्र 20 वर्ष, पिता अर्जुन मांझी के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, चंदन सुबह ममेरे भाई की बारात से लौटने के बाद अपने दोस्तों के साथ उक्त महिला तस्कर के घर शराब पीने चला गया।
शराब के नशे में धुत होने के बाद दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद एक युवक ने पिस्तौल निकालकर चंदन को गोली मार दी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने चंदन को खून से लथपथ पड़ा देखा। स्थानीय लोगों ने उसे पास के एक निजी चिकित्सक के पास पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर, सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पवन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के तीन साथियों और महिला तस्कर सहित कुल पांच लोगों को हिरासत में लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों से कड़ी पूछताछ की जा रही है और मुख्य आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शेरघाटी एएसपी शैलेंद्र सिंह ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की और शराब तस्करी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।