1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 11, 2025, 8:23:59 AM
साले की हत्या का खुलासा करती पुलिस टीम। - फ़ोटो First Bihar
Bihar crime News : बिहार के मुजफ्फरपुर के तुर्की थाना क्षेत्र के तेलिया गांव में एक घरेलू विवाद ने दिल दहला देने वाला मोड़ ले लिया, जब मामूली कहासुनी में बहनोई ने साले की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी मनीष वर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी मनीष वर्मा पूर्व में बीजेपी से जुड़ा स्थानीय नेता भी रह चुका है।
पुलिस के अनुसार, मनीष वर्मा की अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। पत्नी मायके में रह रही थी और तीन दिन बाद यानी 5 मई की रात को मनीष स्कॉर्पियो से चार-पांच साथियों के साथ उसे विदा कराने पहुंचा था। सुबह के समय विदाई को लेकर मनीष का अपनी पत्नी के भाई, बबन कुमार से झगड़ा हो गया।
झगड़े के दौरान मनीष वर्मा ने बबन पर पहले चाकू से वार किया और फिर सिर पर ईंट मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के दौरान बबन की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विद्यासागर ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि यह मामला पारिवारिक विवाद से उपजा है लेकिन जिस तरह से हत्या की गई है, वह बेहद दुखद और निंदनीय है। आरोपी को साक्ष्यों के आधार पर जेल भेज दिया गया है।