1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 15, 2025, 11:29:37 AM
गिरफ्त में नशे के सौदागर - फ़ोटो reporter
Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक किलो ब्राउन शुगर जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार भी किया है। इनके पास से तीन लाख रुपये नकद, एक डिजिटल तराजू, स्विफ्ट डिजायर कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। घटना काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस गश्त कर रही थी तभी जंक्शन के पास तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने जब उनसे सवाल किया तो वे सही जवाब नहीं दे पाए और भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने दो युवकों को पकड़ लिया, लेकिन एक युवक भागने में सफल रहा। जब पकड़े गए युवकों की तलाशी ली गई तो उनके पास एक पैकेट मिला जिसमें कुछ पाउडर था।
DRI की जांच के बाद पता चला कि वह पाउडर ब्राउन शुगर है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान पूर्वी चंपारण के चिरैया थाना क्षेत्र के शीतलपट्टी के निवासी सुरेंद्र यादव के 23 वर्षीय बेटे जयप्रकाश कुमार, मधुबन थाना क्षेत्र के योगेंद्र शर्मा के 25 वर्षीय बेटे मुकेश कुमार, बक्सर जिला के कृष्णा ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के राज नारायण राय के पुत्र अंकित कुमार और गया जिले के कोठी थाना क्षेत्र के चतरु साह के पुत्र संतोष कुमार गुप्ता के रूप में हुई है।
पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मणिपुर से ब्राउन शुगर लेकर मुजफ्फरपुर आए थे और इससे पहले भी कई बार नशे की खेप ला चुके हैं। इस बार इनका प्लान गया में माल पहुंचाने का था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने पकड़ लिया।
रिपोर्ट- राजन कुमार, मुजफ्फरपुर