1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 11, 2025, 10:34:57 AM
पटना एयरपोर्ट के निर्माणाधीन टर्मिनल में पाइप से निकाला गया महिला का शव - फ़ोटो Google
Bihar crime News: बिहार की राजधानी पटना स्थित जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की निर्माणाधीन टर्मिनल बिल्डिंग में एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। मृतका की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है। शव एक पाइप के अंदर फंसा हुआ मिला, जिसे काटकर बाहर निकाला गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
यह घटना उस समय सामने आई जब देर शाम करीब 7 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने एयरपोर्ट थाने को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो पाई है, और पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए हर एंगल से जांच कर रही है।
घटनास्थल पर पहुंचीं पटना सचिवालय की एएसपी अनु ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी संबंधित एजेंसियों से संपर्क कर महिला की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस आत्महत्या, हत्या या किसी अन्य साजिश के पहलुओं पर भी विचार कर रही है।
इस घटना ने एयरपोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि निर्माणाधीन टर्मिनल में महिला कैसे पहुंची और उसकी मौत कैसे हुई। यह अब जांच का विषय बन चुका है, जिस पर पुलिस गहनता से काम कर रही है।