Patna Crime News: पटना में अपराधियों के हौसले बुलंद, JDU की महिला नेता को सरेआम मारी गोली; कहां है सुशासन की पुलिस?

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 21, 2025, 12:13:19 PM

Patna Crime News

- फ़ोटो reporter

Patna Crime News: बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर से तांडव मचाया है। बाइक सवार बदमाशों ने सत्ताधारी जेडीयू की महिला नेता को सरेआम गोली मार दी। महिला नेता के हाथ और सीने में गोली लगी है। घटना बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के दुजरा मोहल्ले की है।


जानकारी के मुताबिक, रविवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने जेडीयू नेता और वार्ड संख्या 22 की अध्यक्ष सोनी निषाद को गोली मार दी। घायल नेत्री को इलाज के लिए पीएम सीएच में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि आपसी विवाद को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया गया है। सोनी निषाद को दो गोलियां लगी हैं।


घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची बुद्धा कालोनी थाने की पुलिस पूरे मामले के छानबीन में जुट गई है। थानाध्यक्ष सदानंद शाह ने बताया कि डॉक्टरों के मुताबिक महिला फिलहाल खतरे से बाहर हैं। महिला का एक युवक के साथ पुराना विवाद चल रहा था और उसी विवाद में वारदात को अंजाम दिया गया है। आरोपी युवक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।