1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 01, 2025, 6:16:35 PM
हत्या की वारदात से सनसनी - फ़ोटो reporter
Patna Crime News: बिहार में अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा घटना राजधानी पटना से सामने आई है, जहां बदमाशों ने तिलक समारोह से लौट रहे एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
दरअसल, यह घटना पटना के ग्रामीण इलाके पालीगंज की है। मृतक की पहचान रानीपुर गांव निवासी रितु साव के 35 वर्षीय बेटे रौशन कुमार उर्फ झगरू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है रि झगरू वेल्डिंग करने का काम करता था। बुधवार की रात वह रानीगंज गांव में एक तिलक में नेवता पर गया था। वहां से भोज खाने के बाद लौटते वक्त बदमाशों ने उसे गोली मार दी।
रातभर वह घऱ नहीं लौटा तो परिजन अनहोनी की आशंका से सहम गए। गुरुवार की सुबह उसकी तलाश शुरू हुई। इसी दौरान उसका शव सड़क पर पाया गया। हत्या की इस वारदात की जानकारी मिलने के बाद लोगों की भारी भीड़ मौके पर पहुंच गई।
स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना देने के बाद पालीगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों को खंगालने में जुटी है।