Patna Firing Case: पटना फायरिंग केस के तीसरे आरोपी ने भी किया सरेंडर, वारदात में इस्तेमाल ब्लैक स्कॉर्पियो भी बरामद

Patna Firing Case: पटना फायरिंग केस में तीसरे आरोपी शानू ने भी कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। वारदात में इस्तेमाल ब्लैक स्कॉर्पियो भी पुलिस ने बरामद कर ली है। अब तक तीन आरोपी पकड़े जा चुके हैं और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई जारी है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jun 01, 2025, 1:10:58 PM

Patna Firing Case

तीसरे आरोपी ने भी किया सरेंडर - फ़ोटो google

Patna Firing Case: पटना के बोरिंग कैनाल रोड में पिछले दिनों अपराधियों ने 10 राउंड फायरिंग कर सनसनी फैला दी थी। अपराधियों ने एडीजी के सामने इस वारदात को अंजाम देकर पुलिस को ओपन चैलेंज किया था। इस वारदात में शामिल अपराधियों को पुलिस पकड़ने में विफल रही। इस बीच दो आरोपियों ने 30 मई को कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। अब गोलीकांड के तीसरे आरोपी ने भी सरेंडर कर दिया है।


दरअसल, बीते 24 मई को पटना के लोहिया चक पुल पर फायरिंग की एक घटना सामने आई थी। एक अपराधी काले रंग की स्कॉर्पियो से उतरकर पिस्टल से मोहल्ले की ओर फायरिंग करता दिखा था जबकि दूसरा ड्राइविंग सीट पर बैठकर गोली चला रहा था। फायरिंग के दौरान वहां से एडीजी पंकज दराद भी गुजर रहे थे। उन्होंने अपनी गाड़ी से अपराधियों का पीछा किया, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहे थे।


पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए लगातार कोशिश कर रही थी। इसी बीच गोलीकांड के आरोपी पियूष और रोहित ने एसडीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था। अब इस वारदात में शामिल तीसरे आरोपी शानू ने भी पटना सिविल कोर्ट में शनिवार को सरेंडर कर दिया। शानू सब्जीबाग इलाके का रहने वाला है, जो आरोपी पियूष और रोहित का दोस्त है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ब्लैक कलर की स्कॉर्पियों को भी बरामद कर दिया है।


बता दें कि बीते रविवार को पुलिस ने इस मामले में एक इंस्पेक्टर के बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। पुलिस यह जानने में जुटी है कि इस युवक की गोलीबारी में क्या भूमिका थी। इस पूरे मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई शुरू हो गई है। अब तक दर्जनभर पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया जा चुका है। इस मामले की जांच का जिम्मा सेंट्रल एसपी स्वीटी सहरावत को सौंपा गया है।