1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 04, 2025, 11:39:04 AM
पटना क्राइम न्यूज - फ़ोटो GOOGLE
Patna News: बिहार की राजधानी पटना में एक युवक का संदिग्ध अवस्था में शव मिलने से सनसनी फैल गई। दानापुर अनुमंडल के रूपसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वी रूपसपुर में सड़क किनारे एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया। मृतक की पहचान मनेर थाना क्षेत्र के कमला गोपालपुर गांव निवासी 26 वर्षीय प्रज्जवल सिंह के रूप में की गई है।
जानकारी के मुताबिक, प्रज्जवल सिंह अपने दोस्तों के साथ एक रिसेप्शन समारोह में शामिल होने ब्रह्मस्थानी गली गया था। वहीं से लौटने के बाद वह अचानक लापता हो गया। परिजनों ने जब काफी देर तक उससे संपर्क नहीं हो पाया तो चिंता जताई, लेकिन अगले ही दिन उसका शव सड़क किनारे पड़ा मिला।
स्थानीय लोगों की सूचना पर रूपसपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव पर किसी प्रकार की चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, जिससे उसकी मौत के कारणों को लेकर अभी संदेह बना हुआ है। रूपसपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। युवक की मौत दुर्घटना, हत्या या अन्य किसी कारण से हुई है यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मृतक के दोस्तों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना की कड़ियों को जोड़ा जा सके। प्रज्जवल सिंह के परिजनों ने आशंका जताई है कि युवक की हत्या की गई है। परिवार वालों का कहना है कि प्रज्जवल पूरी तरह स्वस्थ और सामाजिक रूप से सक्रिय था, उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
वहीं, स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस घटना की निष्पक्ष जांच कर अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि लोगों का कानून व्यवस्था पर भरोसा बना रहे। प्रज्जवल सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।