1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 10, 2025, 10:32:31 PM
नहीं रहे ददई दुबे - फ़ोटो GOOGLE
JHARKHAND: झारखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे का निधन हो गया है. गढ़वा जिले के विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक ददई दुबे मजदूर यूनियन के भी नेता थे। पिछले कुछ दिनों से नयी दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। गुरुवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। गढ़वा में शोक की लहर दौड़ गयी है।
ददई दुबे का जन्म 2 जनवरी 1946 को हुआ था। वो गढ़वा के कंडी के इलाके के रहने वाले थे। 1970 में राजनीति के क्षेत्र में उन्होंने कदम रखा और पहली बार मुखिया चुने गए। 1985 में चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे पहली बार पलामू के बिश्रामपुर विधानसभा सीट से विधायक चुने गए। अविभाजित बिहार में 2000 में राबड़ी देवी के मंत्रिमंडल में दुबई दुबे श्रम एवं रोजगार मंत्री बने।
2014 में ददई दुबे झारखंड के धनबाद से संसद का चुनाव जीते थे। झारखंड सरकार में दुबई दुबे ग्रामीण विकास मंत्री रह चुके हैं। धनबाद से सांसद भी थे। पलामू के बिश्रामपुर विधानसभा सीट से चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे चार बार विधायक रह चुके थे। 1977 में भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस से पहली बार जुड़े और भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस के बड़े नेताओं में शामिल थे।
ददई दुबे पलामू के बिश्रामपुर विधानसभा सीट से 1985, 1990, 2000 और 2009 में विधायक का चुनाव जीते थे। मिली जानकारी के अनुसार ददई दुबे का पार्थिव शरीर दिल्ली में कांग्रेस कार्यालय ले जाया जाएगा। उसके बाद रांची कांग्रेस कार्यालय लाया जाएगा जिसके बाद गढ़वा में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।