Hindi News / news / अररिया में युवक की हत्या से हड़कंप, शव के पास मिली शराब की...

अररिया में युवक की हत्या से हड़कंप, शव के पास मिली शराब की बोतलें

1st Bihar Published by: Updated Jan 23, 2022, 12:49:52 PM

अररिया में युवक की हत्या से हड़कंप, शव के पास मिली शराब की बोतलें

- फ़ोटो


ARARIA:बड़ी खबर अररिया से है जहां नगर थाना के रामपुर में नेशनल हाईवे 57 के किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। अपराधियों ने मृतक युवक का चेहरा बुरी तरह से कुचल दिया है। मृतक की पहचान रामपुर मुशहरी चौक निवासी निलेश यादव के रूप में की गई है जो दूध बेचने का काम करता था।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है।पुलिस ने शव के पास से शराब की खाली बोतलें भी बरामद की है।आशंका जताई जा रही है कि आपसी रंजिश को लेकर वारदात को अंजाम दिया गया है। हालांकि फिलहाल हत्या के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। बताया जा रहा है कि मृतक निलेश शनिवार की शाम अपनी साइकिल पर सवार होकर दूध बेचने के लिए घर से रामपुर महावीर मंदिर चौक के लिए निकला था लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा।


परेशान परिजन रातभर उसे तलाश करते रहे लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।अगली सुबह घर से कुछ ही दूरी पर स्थित एक चारदिवारी के पास परिजनों ने निलेश का शव देखा। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। अज्ञात अपराधियों ने निलेश के सिर को ईंट से कुचल कर उसे मौत के घाट उतार दिया है। परिजनों द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को देने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है।


पुलिस ने मौके से निलेश की साइकिल और शराब की खाली बोतल को बरामद किया है। आशंका जताई जा रही है कि वारदात को अंजाम देने से पहले अपराधियों ने निलेश को शराब पिलाई होगी और उसके बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी। पुलिस की मानें तो घटनास्थल से मिले साक्ष्य के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है और अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।