1st Bihar Published by: Jitendra Kumar Updated Feb 02, 2021, 9:20:39 PM
- फ़ोटो
BEGUSARAI : बेगूसराय में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक महिला को रौंद दिया, जिससे महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है. मामले की जांच की जा रही है.
घटना बेगूसराय जिले के बछवारा थाना क्षेत्र के बछवारा प्रखंड कार्यालय परिसर की है. मृतक महिला की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले सूरज राय की पत्नी सूरजमन देवी के रूप में की गई है.
बताया जाता है कि मृतक महिला आज बृद्धा पेंशन का आवेदन जमा करने के लिए बछवारा प्रखंड कार्यालय आई हुई थी. उसी दरमियान स्कॉर्पियो ने उसे रौंद दिया, जिससे महिला की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. इस मौत के बाद प्रखंड कार्यालय में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया.
फिलहाल इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने बछवारा थाने पुलिस को दी. मौके पर बछवारा थाने के पुलिस पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया. वहीं पुलिस ने तत्काल स्कॉर्पियो को जप्त कर लिया.