1st Bihar Published by: Updated Feb 22, 2022, 6:19:50 PM
- फ़ोटो
BHAGALPUR : बड़ी खबर भागलपुर के नवगछिया से आ रही है, जहां बेखौफ अपराधियों ने लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। घटना रंगरा ओपी क्षेत्र के ओवरब्रिज के पास एन एच 31 की है। यहां HDFC बैंक के कैशियर से अपराधियों ने हथियार के बल पर 13 लाख रुपये लूट लिए हैं।
कुर्सेला HDFC बैंक के कैशियर ने बताया कि नवगछिया से वह 13 लाख 30 हजार रूपए बैंक से निकालकर अपने एक सहयोगी के साथ बाइक पर सवार होकर कुर्सेला जा रहे थे। इसी दौरान ओवरब्रिज के पास बाइक सवार चार अपराधियों ने पैसे लूट लिए और सभी अपराधी नवगछिया की ओर फरार हो गए।
पीड़ित कैशियर द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने के बाद मौके पर पहुंची रंगरा ओपी की पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस नवगछिया HDFC बैंक का सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल पुलिस प्राप्त जानकारी के आधार पर घटना के सभी बिंदुओं पर गहन जांच कर रही है।
पूरे मामले पर रंगरा ओपी प्रभारी महताब खा ने बताया कैशियर रेशम चौधरी के बयान पर थाने में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने जल्द ही लूटकांड का खुलासा कर लिए जाने का भरोसा दिलाया है। लूट की इस वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।