1st Bihar Published by: SUSHIL Updated Feb 05, 2022, 8:42:06 PM
- फ़ोटो
BHAGALPUR: इस वक्त की बड़ी खबर भागलपुर से आ रही है जहां दो युवकों पर अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया जिसमें एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी जबकि दूसरा गंभीर रुप से घायल हो गया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। वही पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।
भागलपुर के लोदीपुर थाना क्षेत्र के बाइपास टोल प्लाजा के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गयी जब जमीन देखने गये दो युवकों पर अपराधियों ने अचानक धारदार हथियार से हमला बोल दिया। इस हमले में एक की मौके पर ही मौत हो गयी वही दूसरा गंभीर रुप से घायल हो गया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गये।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे डीएसपी ने घायल युवक को मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य सड़क को बाधित कर जमकर हंगामा मचाया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। बताया जाता है कि जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बैजानी गांव निवासी 30 वर्षीय आशीष मिश्रा और दीपक मिश्रा को किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर जमीन देखने के लिए बुलाया था।
लोदीपुर थाना क्षेत्र में बाइपास के पास एक जमीन को देखने गये थे। जहां अपराधियों ने अचानक हमला बोल दिया। मृतक आशीष वीडियोग्राफी का काम करता था। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोदीपुर थाना पुलिस और विधि व्यवस्था डीएसपी डॉ.गौरव पहुंचे जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गयी। वही घटना से आक्रोशित ग्रामीण पुलिस के खिलाफ सड़क पर उतर गये और मुख्य सड़क को जाम कर आगजनी करने लगे। हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग पर लोग अड़े थे और प्रदर्शन कर रहे थे।