‘बिहार की सियासत में बहुत जल्द होगा बड़ा बदलाव’ VIP चीफ मुकेश सहनी का दावा

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jan 31, 2024, 6:17:18 PM

‘बिहार की सियासत में बहुत जल्द होगा बड़ा बदलाव’ VIP चीफ मुकेश सहनी का दावा

- फ़ोटो

PATNA: विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने दावा किया है कि आज जो प्रदेश की राजनीति में स्थिति दिख रही है, उसमें बहुत जल्द फिर से बदलाव देखने को मिलेगा। सहनी ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी जब तक अपना मुरेठा नहीं खोलते हैं तब तक एनडीए में हालात ठीक नहीं समझा जा सकता। एनडीए में लड़ाई है, तभी अब तक विभागों का बंटवारा नहीं हो सका। 


उन्होंने कहा कि बिहार में जिस तरह हाल के दिनों में उथल पुथल देखा गया, उसे किसी भी हालत में सही नहीं ठहराया जा सकता। ऐसे बड़े दलों को जनता की कोई फिक्र नहीं है। उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि जोड़ तोड़ की राजनीति के बदले राजनीतिक दलों को एक विचारधारा के साथ काम करना चाहिए। 


सहनी ने सवाल उठाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने दावा किया कि इस लोकसभा चुनाव में 400 पार, तब उन्हें नीतीश कुमार की जरूरत क्यों पड़ी। इससे साफ है कि भाजपा को 400 सीट क्या 200 भी नहीं आ रही है। भाजपा को अभी और कई साथी की जरूरत पड़ेगी। उनकी पार्टी अकेले नहीं बल्कि किसी न किसी गठबंधन के साथ ही चुनाव लडेगी। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी जल्द इसका खुलासा करेगी।


उन्होंने कहा कि उनका तथा उनकी पार्टी का उद्देश्य निषाद समाज का कल्याण और आरक्षण दिलाना है, जो गठबंधन इस स्टैंड के साथ होगा, हमारी पार्टी उसके साथ जाएगी। बिहार में बड़ा बदलाव हुआ है लेकिन अभी बहुत कुछ बाकी है।