Hindi News / news / बिहार: महादलित लड़की को अगवा कर ले जा रहा था बदमाश, ग्रामीणों ने...

बिहार: महादलित लड़की को अगवा कर ले जा रहा था बदमाश, ग्रामीणों ने पोल से बांधकर पीटा

1st Bihar Published by: Updated Jun 14, 2022, 5:28:53 PM

बिहार: महादलित लड़की को अगवा कर ले जा रहा था बदमाश, ग्रामीणों ने पोल से बांधकर पीटा

- फ़ोटो

SAHARSA: खबर सहरसा से है, जहां एक बदमाश ने हथियार के बल पर युवती को अगवा करने की कोशिश की है। घटना महिषी थाना क्षेत्र के वीरगांव पंचायत की है। महादलित लड़की को लेकर भाग रहे युवक को ग्रामीणों ने खदेड़कर पकड़ लिया और पोल से बांधकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और अपने साथ थाने ले गई।


बताया जा रहा है कि मंगलवार की सुबह हथियार से लैस बदमाश 16 वर्षीय महादलित लड़की को अगवा कर उसे जबरन बाइक पर बैठाकर भाग रहा था। इसी दौरान हल्ला होने पर ग्रामीणों ने बदमाश का पीछा कर उसे पकड़ लिया और पोल से बांधकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसी दौरान किसी ने पिटाई का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।


वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि बदमाश को किस तरह से रस्सी से बांधकर बंधक बनाकर रखा गया है। बंधक बने अपराधी के पास एक कट्टा और बाइक को जब्त किया गया है। इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद महिषी थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और युवक को ग्रामीणों के चंगूल से मुक्त करा उसे अपने साथ ले गई।