1st Bihar Published by: First Bihar Updated Aug 31, 2024, 6:00:17 PM
- फ़ोटो
MUNGER: मुंगेर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर मिनी गन फैक्ट्री चलाने वाले पति-पत्नि को गिरफ्तार किया है। दोनों अपने घर पर ही अवैध मिनी गन फैक्ट्री संचालित कर रहे थे। पुलिस ने इनके घर से भारी मात्रा में निर्मित व अर्द्ध निर्मित हथियारों के साथ अन्य औजार को बरामद किया है। गंगटा थाना क्षेत्र के माल पोकड़ी गांव में पुलिस ने कार्रवाई की है।
दरअसल, मुंगेर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गंगटा थाना क्षेत्र माल पोकड़ी गांव निवासी बबलू प्रसाद सिंह ऊर्फ बबलू मंडल के घर में छापेमारी करते हुए अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में बबलू मंडल और उसकी पत्नी फुलवा देवी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उसके घर से 7 देसी कट्टा, 1 जिन्दा कारतूस, 1 खोखा, 17 अर्धनिर्मित बैरल के साथ हथियारों की तस्कारी के लिए उपयोग में लाए जाने वाली अपाची बाइक और एक सूमो विक्टा वाहन को भी जब्त किया है।
इसके साथ ही पुलिस ने अवैध हथियार बनाने का ढेर सारा औजार भी बरामद किया है। इस मामले में मुंगेर एसपी सैय्यद इमरान मसूद ने बताया कि ये लोग खुद ही अवैध हथियार बनाते थे और खुद ही उसकी तस्करी भी करते थे। पुलिस इनका अपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है।