1st Bihar Published by: Updated Jul 20, 2022, 2:50:07 PM
- फ़ोटो
NALANDA: बिहार में अपराधी अब बेलगाम हो चुके हैं। शिवहर के बाद अब नालंदा जिले में पूर्व मुखिया के घर पर गोलीबारी की गई है। घटना हिलसा प्रखंड के अरपा पंचायत की है, जहां अपराधियों ने बीती रात पूर्व मुखिया के घर पर फायरिंग शुरू कर दी। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और मौके से आठ खोखा बरामद किया।
दरअसल, इस बार बदमाशों ने अरपा पंचायत के पूर्व मुखिया सुनीता साही के घर को अपना निशाना बना लिया और कई राउंड फायरिंग की। लोगों के बीच दहशत फ़ैल गया है। पूरे इलाके में इसी घटना की चर्चा हो रही है कि आखिरकार अपराधियों की मंशा क्या है। हैरानी की बात इसलिए भी है क्योंकि पिछले 4 जुलाई को ही पूर्व मुखिया सुनीता साही के पति अजित सिंह को बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मार दी थी। घटना को 15 दिन हो गए, लेकिन पुलिस के हाथ अब भी खाली हैं।
वहीं, इस घटना को लेकर हिलसा थानाध्यक्ष गुलाम सरवर ने बताया कि फिलहाल इस बात का पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना को किसने अंजाम दिया और आखिर किस मकसद से फायरिंग की गई। पूर्व मुखिया के द्वारा भी अभी तक आवेदन नहीं दिया गया है। हालांकि पुलिस ने मौके से 8 खोखा बरामद किया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।