Hindi News / news / बक्सर में बेखौफ अपराधियों की करतूत, पेट्रोल पंप मैनेजर की दिनदहाड़े हत्या, पांच...

बक्सर में बेखौफ अपराधियों की करतूत, पेट्रोल पंप मैनेजर की दिनदहाड़े हत्या, पांच लाख रुपये भी लूटे

1st Bihar Published by: Updated Mar 21, 2022, 3:00:44 PM

बक्सर में बेखौफ अपराधियों की करतूत, पेट्रोल पंप मैनेजर की दिनदहाड़े हत्या, पांच लाख रुपये भी लूटे

- फ़ोटो

BUXAR: इस वक्त की बड़ी खबर बक्सर से आ रही है जहां अपराधियों ने एक बार फिर अपनी उपस्थिति दर्ज करायी है। बेखौफ अपराधियों ने पेट्रोल पंप के मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी और पास रखे पांच लाख रुपये लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गये। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। 


घटना नया नया भोजपुर ओपी क्षेत्र अंतर्गत प्रतापसागर स्थित इंडियन बैंक के मेन गेट की है। जहां हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े पेट्रोल पंप मैनेजर को गोली मार दी और 5 लाख रुपये लूट लिए। आनन-फानन में उन्हें प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 40 वर्षीय मनोज पासवान के रुप में हुई है जो बक्सर औद्योगिक थाना के दहिवर गांव के रहने वाले थे। 


घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस फिलहाल पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। बताया जाता है कि होली के कारण शुक्रवार से ही बैंक बंद था। जिसके कारण पेट्रोल पंप का पैसा बैंक में जमा नहीं हो पा रहा था। अनुमान है कि पेट्रोल पंप के कम से कम तीन दिनों के पैसे लेकर ही मनोज पासवान जमा कराने बैंक गये हुए थे। मनोज पासवान जैसे ही इंडियन बैंक के गेट पर पहुंचे बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। इसी दौरान गोली मनोज पासवान के सीने में लगी और वही गिर पड़े और अपराधी पैसों से भरे बैंग लेकर मौके से फरार हो गये। 


एएसपी कुमार राज ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी को भी खंगाला जा रहा है। अपराधियों की पहचान में पुलिस लगी हुई है। वही बक्सर एसपी नीरज कुमार सिंह ने पांच लाख रुपये की लूट की पुष्टि की है। एसपी ने बताया कि पूरे इलाके की घेराबंदी की गयी है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। वही इलाके के व्यवसाय़ियों में दहशत का माहौल है। इलाके के लोग पुलिस से अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।