Land for Job Scam: पटना ED दफ्तर से बाहर निकले लालू, 10 घंटे तक अधिकारियों ने की पूछताछ

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jan 29, 2024, 9:00:27 PM

Land for Job Scam: पटना ED दफ्तर से बाहर निकले लालू, 10 घंटे तक अधिकारियों ने की पूछताछ

- फ़ोटो

PATNA: पटना से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है। राजद सुप्रीमों लालू प्रसाद यादव ईडी दफ्तर से बाहर निकल गये हैं। ईडी के अधिकारियों ने लालू से 10 घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान भारी संख्या में राजद कार्यकर्ता ईडी दफ्तर के बाहर अपने नेता के बाहर निकलने का इंतजार कर रहे थे। लालू को देखते ही कार्यकर्ता जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। बड़ी बेटी मीसा भारती के साथ लालू यादव राबड़ी आवास के लिए रवाना हुए। 


बता दें कि लैंड फॉर जॉब मामले में पूछताछ के लिए ईडी ने उन्हें पटना के बैंक रोड स्थित दफ्तर में पूछताछ के लिए बुलाया था। जहां करीब 10 घंटे तक ईडी के अधिकारियों ने लालू से पूछताछ की। ईडी दफ्तर के बाहर उनकी बेटी मीसा भारती, राजद एमएलसी सुनील सिंह, श्याम रजक, रीतलाल यादव सहित कई राजद नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इतनी देर तक ईडी दफ्तर में लालू को रखे जाने से राजद कार्यकर्ता काफी गुस्से में थे। राजद कार्यकर्ताओं ने इस दौरान जमकर नारेबाजी भी की। बताया जा रहा है कि कल ईडी तेजस्वी यादव से पूछताछ करेगी। 


ED की पूछताछ के दौरान गेट के बाहर खड़ी मीसा भारती अपने बीमार पिता लालू यादव का हालचाल जानने में लगी थी। वह अपने पिता का इंतजार कर रही थी कि वो कब बाहर निकलेंगे। मीसा भारती ने पिता के लिए दवाईयां भी अंदर भिजवाई। वही ईडी ऑफिस के बाहर ठेले राजद एमएलसी सुनील सिंह बैठ गये और सीएम नीतीश के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।


मीसा भारती ने कहा कि कल सरकार गई और आज ईडी ने उनके पिता लालू प्रसाद को पूछताछ के बुला लिया। 30 जनवरी को भाई तेजस्वी को भी बुलाया गया है। मीसा ने बताया कि सत्ता में बैठे लोग एजेंसियों का दुरुपयोग कर रहे हैं। बीमार इंसान को इस तरह से बुलाकर आठ घंटे से बिठाया गया है। दो तीन बार जाकर तो हम दवा भी दिये है लेकिन ईडी का कोई भी अधिकारी बाहर आकर यह बताने को तैयार नहीं है कि और कितने घंटे उनसे पूछताछ होगी। नीतीश के परिवारवाद वाले बयान पर मीसा ने कहा कि जब महागठबंधन में आये थे तब नहीं पता था कि लालू जी का परिवार है कि नहीं..परिवार के कितने सदस्य राजनीति में हैं।  


वही राजद एमएलसी सुनील कुमार सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि ईडी के द्वारा इस तरह की कार्रवाई अफसोसजनक है। जिस व्यक्ति की उम्र 76 साल से ज्यादा है जो बीमार व्यक्ति हैं जिनका हाल ही में किडनी ट्रांसप्लांट हुआ है। ऐसे बीमार व्यक्ति से निर्दयतापूर्वक पूछताछ किया जा रहा है। पूछताछ पूरी नहीं हुई हो तो कल फिर बुला लेते लेकिन करीब 9 घंटे उनको बिठाकर रखा गया है। उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। मानवता को शर्मसार करने वाली कार्रवाई की जा रही है। लालू को परेशान आज थोड़े ही किया जा रहा है सदियों से उनको परेशान किया जा रहा है। पहले भी कई बार यह बोला जा चुका है जब तक लोकसभा का चुनाव संपन्न नहीं होगा तब तक देशभर के मजबूत विपक्ष को इसी तरह तंग किया जाएगा।