1st Bihar Published by: Updated Apr 23, 2021, 5:02:43 PM
- फ़ोटो
WEST CHAMPARAN: घर में सोए बुजुर्ग की अपराधियों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी बुजुर्ग की दोनों कान काट दिए और उसे अपने साथ ले गये। घटना पश्चिम चंपारण के बनकट पंचायत स्थित शेखटोली की है जहां इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गयी है।
मृतक की पहचान 55 वर्षीय चचन ठाकुर के रूप में की गयी है। जो हजामत बनाने का काम करता था। घटना का कारण तो अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने घटनास्थल से दो मोबाइल बरामद किया है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए बेतिया भेजा गया है। बताया जाता है कि गांव में उनका दो जगह घर है। एक घर में उनका बेटा और दूसरे में खुद वे रहते थे। पत्नी की मौत के बाद वे दूसरे घर पर अकेले रहा करते थे। अपराधियों ने निर्मम तरीके से धारदार हथियार से उनकी हत्या कर दी और इससे भी मन नहीं भरा तो दोनों कान भी काट दिए और उसे अपने साथ ले गए। इस घटना से इलाके के लोग भी हैरान है। पूरे इलाके में हत्या की यह वारदात चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल पुलिस घटना की सभी बिंदुओं की जांच कर रही है।