1st Bihar Published by: First Bihar Updated Feb 08, 2024, 8:56:19 AM
- फ़ोटो
DESK : चतरा में नक्सलियों और पुलिस के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इसमें पुलिस के दो जवान शहीद हो गए, जबकि तीन जवान जख्मी हो गए। इनमें एक आकाश सिंह की स्थिति गंभीर है। घायल जवान को हेलिकॉप्टर से इलाज के लिए रांची के ऑर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल अन्य दो जवान लुगुन व कृष्णा हाजरा चतरा में इलाजरत हैं।
शहीद जवानों में सुकन राम पलामू के तरहसी, जबकि सिकंदर सिंह गया के वजीरगंज के रहने वाले थे। वहीं गंभीर रूप से घायल आकाश सिंह भभुआ के रहने वाले हैं। जानकारी के अनुसार पुलिस को सदर थाना क्षेत्र के गम्हारतरी जंगल में पोस्ते की खेती होने की जानकारी मिली थी। इसे नष्ट करने के लिए पुलिस की एक टीम सुबह लगभग दस बजे निकली थी।
इस टीम में पुलिस पदाधिकारी अरुणदत्त शर्मा के साथ चार जवान और एक चालक शामिल थे। पुलिस वहां अफीम नष्ट कर शाम लगभग साढ़े चार बजे लौट रही थी। इसी क्रम में गम्हारतरी जंगल के पास पहले से घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस कुछ समझ पाती इससे पहले ही आंधाधुंध फायरिग होने लगी। पुलिस ने भी काफी हिम्म्त से काम लिया और मोर्चा संभालकर जवाबी कार्रवाई की। लेकिन फायरिंग के क्रम में दो जवान की मौके पर ही मौत हो गयी।
सूचना मिलते ही नए एसडीपीओ संदीप सुमन दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तब तक नक्सली वहां से भाग निकले थे। एसडीपीओ ने छापेमारी अभियान चला रखा है।जिस तरीके से नक्सलियों ने इस घटना को अंजाम दिया है, वह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। मुठभेड़ में शहीद दोनों जवानों के परिवार के साथ सरकार खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी। इन जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी। किसी भी हाल में सुरक्षा बलों के मनोबल को गिरने नहीं दिया जाएगा।