कम नहीं हो रहीं राखी गुप्ता की मुश्किलें, छपरा की पूर्व मेयर के खिलाफ केस दर्ज करने की तैयारी

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Aug 17, 2023, 11:54:09 AM

कम नहीं हो रहीं राखी गुप्ता की मुश्किलें, छपरा की पूर्व मेयर के खिलाफ केस दर्ज करने की तैयारी

- फ़ोटो

CHHAPRA: छपरा की पूर्व मेयर राखी गुप्ता की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं। चुनाव आयोग द्वारा मेयर के पद से बर्खास्त करने के बाद अब जिला प्रशासन ने राखी गुप्ता के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। पूर्व मेयर के खिलाफ जल्द ही थाने में केस दर्ज होने वाली है। छपरा की पूर्व मेयर पर आरोप है कि उन्होंने चुनाव में गलत जानकारी दी थी।


दरअसल, छपरा के पंचायती राज पदाधिकारी ने पूर्व मेयर राखी गुप्ता के खिलाफ थाने में आवेदन दिया है। पंचायती राज पदाधिकारी ने नगर थाने में राखी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से पूर्व मेयर के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है। अपने आवेदन में पंचायती राज पदाधिकारी ने कहा है कि छपरा की पूर्व मेयर राखी गुप्ता ने नगर निगम चुनाव के दौरान गलत जानकारी दी थी।


बता दें कि बीते 27 जुलाई को तीन बच्चों के मामले में छपरा की मेयर राखी गुप्ता की कुर्सी छिन गई थी। राज्य निर्वाचन आयोग ने इस मामले में अपना फैसला सुनाते हुए राखी गुप्ता को अयोग्य करार देते हुए बर्खास्त कर दिया था राखी गुप्ता ने अपने नामांकन के दौरान हलफनामें में गलत जानकारी दी थी। हलफनामें में राखी ने दो बच्चों का जिक्र किया था लेकिन कागजातों के मुताबिक उनके तीन बच्चे हैं।


राखी गुप्ता ने छपरा नगर निगम से मेयर के चुनाव में जीत हासिल की थी। छपरा की पूर्व मेयर सुनीता गुप्ता ने चुनाव आयोग से इसकी शिकायत की थी और राखी गुप्ता के निर्वाचन को रद्द करने की मांग की थी। दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने राखी गुप्ता को अयोग्य घोषित करते हुए उन्हें मेयर के पद से बर्खास्त कर दिया था।